गाजीपुर। दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग शादी रचाई। खानपुर थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पति ने अपने माता पिता और दो अबोध बच्चों के सामने पत्नी की मांग में उसके प्रेमी से सिंदूर डलवा कर विदा कर दिया। जमीन संदल गांव की एक विवाहिता अपने पांच वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय बेटी को छोड़ अपने भतीजे संग प्रेम में संलिप्त हो गई। मेहनत मजदूरी करने वाला पति का जब रिश्ते में भतीजा लगने वाले युवक की पत्नी से प्रेम प्रसंग का पता चला तब दो माह पूर्व ही दोनों को खूब डांटा। मौका देख दोनों प्रेमी परिंदे पंद्रह दिन पूर्व ही घर से भाग निकले। पति ने पत्नी को भगाने के आरोप में प्रेमी के खिलाफ खानपुर थाना सहित जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई थी। दो दिन पूर्व ही पुलिस ने प्रेमी जोड़े को पकड़कर घर वालों को सौंप दिया। रिश्ते में भतीजा लगने वाले युवक से शादी करने की जिद पकड़े विवाहिता ने अपनी मां और स्वजनों के मान मनौवल को इनकार करते हुए प्रेमी से शादी पर अड़ गई। थक हार कर पति ने अपने मां पिता और ग्रामप्रधान सहित अन्य संभ्रांत लोगों के समक्ष थाना परिसर के मंदिर में पत्नी की मांग में प्रेमी से सिंदूर डलवा दिया। प्रेम में मदहोश मां के सामने दोनों अबोध बच्चों की कातर पुकार भी अनसुनी कर दी गई। पति और बच्चों के सामने प्रेम में पागल विवाहिता ने प्रेमी संग सिंदूर पहनकर चली गई। बेबस पति का कहना है कि जिसे पति और बच्चों से अधिक गैर पुरुष प्रिय हो गए उसे घर में रखना मुश्किल हो रहा था। प्रेम में पागल पत्नी से किसी अनहोनी की आंशका से डरकर हमने दोनों की शादी कर पत्नी को आजाद कर दिया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..