गाजीपुर। लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (UPCAR) के 36वें स्थापना दिवस समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र, पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर को ‘आउटस्टैंडिंग केवीके अवार्ड-2024’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार केंद्र की कृषि विस्तार में उत्कृष्ट उपलब्धियों और नवाचार के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के माननीय कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा यह पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार सिंह (वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं हेड, कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज गाजीपुर) को प्रदान किया गया। कृषि मंत्री ने डॉ. विनोद कुमार सिंह द्वारा केवीके के क्रिया कलापों की प्रस्तुतीकरण की सराहना की। कहा कि केंद्र अपने लक्ष्य की तरफ दिन प्रतिदिन अग्रसर है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डा. संजय सिंह, रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति डा. एके सिंह, राज्य जैविक कृषि सलाहकार उद्यान दिनेश सिंह, डा. एसके चौधरी, कृषि शोध एवं अनुसंधान बलदेव सिंह आदि थे। समारोह में मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों को वैज्ञानिक सोच और शोध आधारित खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र को पलायन नहीं, बल्कि खुशहाली और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाना है। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज गाजीपुर को यह सम्मान प्रदेश में प्रथम मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिट (श्रीअन्न प्रसंस्करण इकाई) स्थापित करने और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय नवाचार के लिए दिया गया है। केंद्र के अध्यक्ष एवं अपर महाधिवक्ता श्री अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व व दिशा-निर्देशों में यह उपलब्धि संभव हुई। श्री सिंह ने इस सफलता के लिए केंद्र के सभी कर्मियों को हार्दिक बधाई दी। यह उपलब्धि जिले में वैज्ञानिक व आधुनिक कृषि को नई दिशा प्रदान करेगी और गाजीपुर के किसानों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज गाजीपुर न केवल जिले का, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए रोल मॉडल बन गया है। इसकी उपलब्धियां ग्रामीण आर्थिकी, किसान उत्थान और वैज्ञानिक कृषि विस्तार के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..