गाजीपुर। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डेवढ़ी तिराहा नहर पुलिया के पास खेत में गुरुवार की सुबह अज्ञात 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सर पर लगे चोट के निशान हत्या की आशंका को बल दे रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त का काफी प्रयास किया लेकिन शिनाख्त न होने पर शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। जानकारी के अनुसार नईबजार-देवैथा सम्पर्क मार्ग के डेवढ़ी तिराहे पर स्थित नहर पुलिया के उत्तर तरफ खेत में अज्ञात 29 वर्षीय युवक का शव देख कर ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। सर के पिछले हिस्से में गहरी चोट के कारण काफी खून बह जाने से मौत हो गई थी। खेत में शव के कुछ ही दूरी पर मौजूद घड़ी, रूपये व बीयर का खाली केन तथा बाइक के टायर का निशान हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे। घटना स्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान व खेत में पड़ा शव और मौजूदा स्थिति को देख यही अनुमान लगाया जा सकता है कि शराब के नशे में मारपीट के दौरान युवक के सर में गहरी चोट लगी होगी जिससे उसकी मौत हो गई होगी तथा मारने वाले मौके से फरार हो गये होगे। मृतक पैट व शर्ट पहने हुआ था तथा अपने हाथ पर अंग्रेजी में बंदना गोदवाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया लेकिन शिनाख्त न होने पर शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे मृतक की पहचान चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा गांव निवासी विनोद कुमार बिंद (29) पुत्र स्व. रघुनाथ बिंद के रूप में मृतक के बड़े भाई रमेश द्वारा की गई। मृतक की पत्नी वंदना ने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि बुद्धवार को घर पर शिव चर्चा का कार्यक्रम रखा गया था तथा पूजा सम्पन्न हो जाने के बाद खाना खिलाया जा रहा था। रात करीब 10 बजे मेरे पति का चचेरा भाई शिव शंकर बिंद आया और मेरे पति को बुलाकर घर से बाहर ले गया। जहां पहले से ही पड़ोसी ग्राम जलालपुर का एक व्यक्ति मौजूद था, दोनों मेरे पति को अपने साथ लेकर कहीं निकल गये। गुरुवार की सुबह तक पति घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा था जिससे हम सभी परेशान होकर उनकी खोजबीन करने लगे। ग्राम डेवढ़ी के पास शव मिलने की सूचना पर मृतक के बडे भाई रमेश बिंद कोतवाली पहुंचे और शव की पहचान की। कोतवाली पहुंची मृतक की पत्नी वंदना और मां गुलाबी देवी दहाड़ मार कर रोने व बिलखने लगी। उनके आंखों से आंसू रूकने का नाम ही नहीं ले रहा था। मृतक अन्यत्र रहकर काम करता था तथा एक सप्ताह पूर्व ही घर आया था। मृतक की दो वर्ष की एक पुत्री सारिका है। मृतक के बड़े भाई रमेश कुमार ने हत्या का आरोप लगाते हुए दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है तथा तहरीर के आधार पर मामले की जांच जारी है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..