गाजीपुर। नंदगंज बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से दिनभर हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। तेज हवाओं और बारिश के कारण धान की खड़ी फसल गिरने, कटे हुए धान के भीगने तथा खेतों में जलभराव होने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही है। क्षेत्र में कई किसानों ने धान की कटाई शुरू कर दी है, जबकि कुछ खेतों में फसल अभी पकने के कगार पर है। ऐसे में लगातार बारिश से खेतों में काटकर रखे गए धान के भीगने और सड़ने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, तेज हवा के साथ बारिश होने से खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने की आशंका है। खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से धान के दानों में सड़न और अंकुरण की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। बारिश का असर सब्जियों की खेती पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मिर्च, टमाटर, बैंगन और हरी पत्तेदार सब्जियों के खेतों में पानी भरने से पौधों की जड़ें सड़ सकती हैं। इसके साथ ही खेतों में अत्यधिक नमी होने के कारण रबी की फसलों गेहूं, सरसों और चने की बुआई के लिए खेत तैयार करने में भी देरी हो सकती है। उधर, लगातार बारिश से नंदगंज बाजार की सड़कों पर भी जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है। सड़क पर जमा कीचड़युक्त गंदे पानी के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मौसम के अचानक बिगड़े मिजाज ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो धान के साथ-साथ अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में किसान मौसम साफ होने और खेतों से पानी निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..