Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / गाजीपुर के हर विकास खंड के जूनियर हाईस्कूलो में आयोजित हुआ चित्रकला प्रतियोगिता- बीएसए

गाजीपुर के हर विकास खंड के जूनियर हाईस्कूलो में आयोजित हुआ चित्रकला प्रतियोगिता- बीएसए

गाजीपुर! जनपद गाजीपुर में ‘‘मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा‘‘ अभियान (17 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026) के तहत बच्चों की रचनात्मक कल्पना के माध्यम से ‘‘25 वर्षों के सेवा कार्य‘‘ एवं ‘‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश‘‘ की संकल्पना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक व रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने अवगत कराया कि शासन की मंशानुरूप जनपद के समस्त विकास खंडों में परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त/निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 के छात्र-छात्राओं हेतु चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता तथा उच्च प्राथमिक/माध्यमिक स्तर पर निबंध, भाषण एवं वाद-विवाद (डिबेट) प्रतियोगिताओं का चरणबद्ध आयोजन कराया गया। विकास खंड स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के नोडल प्रभार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के सघन पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिनांक  18 सितंबर को मनिहारी, मरदह एवं मुहम्मदाबाद, दिनांक 19 सितंबर को सैदपुर, देवकली एवं कासिमाबाद, दिनांक 21 सितंबर को भदौरा, बिरनो, भांवरकोल एवं सदर (नगर क्षेत्र सहित), दिनांक 22 सितंबर को जमानिया, करंडा, जखनियां एवं रेवतीपुर एवं दिनांक  23 सितंबर को सादात एवं बाराचवर में हुआ। इस पूरे अभियान का सतत पर्यवेक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा प्राचार्य, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रतियोगिताओं के अगले चरण में आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को जनपद के समस्त ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर विद्यालय एवं ब्लॉक स्तर से चयनित उत्कृष्ट चित्रों की भव्य प्रदर्शनी प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 02.00 बजे तक आयोजित की गई।प्रदर्शनी के दौरान प्रत्येक विकास खंड स्तर पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय  स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं शील्ड प्रदान कर प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में उपस्थित स्थानीय अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बच्चों द्वारा कैनवास पर उकेरी गई विकसित भारत की संकल्पना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।  जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ब्लॉक स्तर से चयनित सर्वश्रेष्ठ कृतियों को संकलित कर आगामी 01 अक्टूबर 2026 को जनपद स्तर पर वृहद प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे कलाकारों को प्रशस्ति-पत्र, डिजिटल हस्ताक्षर युक्त प्रमाण-पत्र एवं विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। बीएसए ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मक सोच, राष्ट्रीय चेतना तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है और उनकी कल्पनाशक्ति को नई उड़ान मिलती है।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां में निबंध, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिता हुआ आयोजन

गाजीपुर। जमानियां स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे। …