गाजीपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी गाजीपुर ने अवगत कराया है कि आज 27 सितंबर 2026 को “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज, (बोरसिया) फदनपुर, गाजीपुर के संयुक्त तत्वाधान में विधानसभा क्षेत्र जंगीपुर में वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। मुख्य अतिथि प्रशासक जिला पंचायत गाजीपुर सपना सिंह द्वारा फीता काटकर विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेला का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, गाजीपुर के प्रबन्ध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, उप प्राचार्य नवनीत वर्मा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि सपना सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के उपरान्त रोजगार मेला में उपस्थित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें रोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत ऐसे कार्यक्रमों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार हो तथा रोजगार के इच्छुक युवाओं को सेवायोजित किया जाय। उत्तर प्रदेश निरन्तर विकास के पथ पर अग्रसर है, ऐसे में युवाओं के हित प्रधान है। अतः इनके मॉग के सापेक्ष रोजगार मेलों का निरन्तर आयोजन होता रहें। अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने रोजगार मिशन के उद्देश्यों पर व्याख्यान देते हुए युवाओं की विकसित भारत के नवनिर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने रोजगार मेले के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार किए जाने की बात की। साथ ही साथ जनपद गाजीपुर के युवाओं के लिए रोजगार उन्मुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने युवाओं में कौशल और प्रशिक्षण की आवश्यकता पर अपने व्याख्यान में विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने इस आयोजन हेतु सत्यदेव कॉलेज प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय की सराहना की और बताया कि सेवायोजन विभाग के माध्यम से पूर्व में विदेशों में भी भर्ती की गयी है तथा वर्तमान में रोजगार मेले के माध्यम से देश की प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजित किया जा रहा है, उन्होंने कार्यक्रम में युवाओं का हौसला बढ़ाया। सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, गाजीपुर के प्रबन्ध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन के लिए वह हमेशा सहयोग के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि इस जिले के अधिक से अधिक रोजगार के इच्छुक युवाओं को ऐसे आयोजनों से रोजगार के अवसर मिलते हैं, ताकि जिले की बेरोजगारी दूर हो सके। यही सरकार की भी इच्छा है। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में दिये गये सभी लोगों के योगदान की सराहना की। अंत में चयनित प्रतिभागियों को सभी अतिथियों ने नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आज के रोजगार मेला में प्रतिभागी कम्पनियों में मुख्य रूप से प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा० लि०, उत्कर्ष स्मॉल फाईनेंस बैक वाराणसी, क्वैस कार्पोरेशन प्रा०लि०, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लिलैण्ड लि०, MRF टायर्स, लाउन्ड्री मेट, हिन्डाल्को रेनूकोट, रोहित हाईब्रीड सीड्स प्रा०लि०, पी०एन०बी० मेट लाईफ, आदि सहित 25 से अधिक कम्पनियों/ नियोजकों द्वारा, आपरेशन एसिस्ट, मशीन आपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स आफिसर, सुपरवाईजर, टेक्निशियन, नैप्स ट्रेनी आदि पदों पर चयन किया गया। रोजगार में लगभग 2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से कुल 654 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..