गाजीपुर। नंदगंज बाजार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। बाजार की सड़कों और प्रमुख चौराहों पर दिन-रात आवारा कुत्ते झुंड बनाकर घूमते रहते हैं। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों में भी भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार नंदगंज पश्चिमी क्रॉसिंग के पास, रेलवे स्टेशन चौराहा, चोंचकपुर मोड़, सौरम मोड़, शादियाबाद मोड़ सहित बाजार के कई स्थानों पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते देखे जा सकते हैं। सुबह के समय जब बच्चे अपने घरों से निकलकर स्कूली बस पकड़ने के लिए निर्धारित स्थानों पर जाते हैं, उस समय सड़क पर घूम रहे कुत्तों के झुंड को देखकर बच्चे सहम जाते हैं। वहीं कई छात्र-छात्राएं पैदल स्कूल जाते हैं, जिन्हें रास्ते में आवारा कुत्तों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी तरह सुबह और शाम ट्यूशन पढ़ने जाने वाले बच्चों को भी इन कुत्तों से डर बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को अकेले भेजने में उन्हें चिंता रहती है। खासकर सुबह के समय बाजार की सड़कों पर कुत्तों के झुंड दिखाई देने से बच्चों को रास्ता बदलकर अथवा किसी बड़े व्यक्ति के साथ जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार आवारा कुत्ते अचानक सड़क पर दौड़ने लगते हैं तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों का पीछा करते हैं। इससे वाहन चालक घबरा जाते हैं और संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बाजार में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को लेकर दुकानदारों, राहगीरों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि समस्या केवल किसी एक गली या मोहल्ले तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजार के कई मार्गों और चौराहों पर आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा रहे हैं। ऐसे में यदि समय रहते संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नंदगंज बाजार में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए तथा उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। लोगों का कहना है कि इस समस्या के समाधान से स्कूली बच्चों, राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी तथा बाजार में किसी अप्रिय घटना की आशंका भी कम होगी।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..