Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा एवं ब्लीचिंग पाउडर का हुआ छिड़काव

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा एवं ब्लीचिंग पाउडर का हुआ छिड़काव

गाजीपुर। नदियों के घटते जलस्तर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक रोगों के प्रसार की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई की जा रही है। पंचायती राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावित ग्राम पंचायतों में ब्लीचिंग पाउडर तथा एंटी लार्वा/लार्वी साइडल (टेमीफॉस) का छिड़काव लगातार कराया जा रहा है। बाढ़ के बाद जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों के प्रसार का खतरा रहता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर जलभराव वाले क्षेत्रों, नालियों एवं आसपास के संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वा का छिड़काव तथा आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्राम सभा ताजपुर कुर्रा, चित्रकोनी, सिंहानी, अमौरा, देवल, सायर, बरेजी, कुतुवपुर, बारा, गहमर, खजुरी, पथरा, हरकरनपुर, दलपतपुर, रायसेनपुर, भदौरा के सुरही ग्राम सभा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में छिड़काव कार्य कराया गया। इसके अतिरिक्त सैदपुर क्षेत्र के हथौड़ा, तेतारपुर एवं गौराहट में भी ब्लीचिंग पाउडर एवं लार्वी साइडल का छिड़काव किया गया। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि बाढ़ प्रभावित एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार एंटी लार्वा एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा मच्छरों से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद घरों एवं आसपास जमा पानी को साफ करें, पीने के पानी को सुरक्षित रखें तथा बुखार, उल्टी-दस्त अथवा अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पंचायती राज एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कर रही हैं, ताकि संक्रामक रोगों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

राजकीय वाहन चालक महासंघ की बैठक संपन्न, संगठन को मजबूत बनाने पर विचार  

गाजीपुर। राजकीय वाहन चालक महासंघ गाजीपुर की बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्थित संघ …