गाजीपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पीजी कॉलेज, गाजीपुर के एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना रहा। कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। यह कार्यक्रम 92 यूपी बटालियन एनसीसी, गाजीपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुभव राज, एसएम के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं। रैली का संचालन एएनओ डॉ. रवि शेखर सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में 92 यूपी बटालियन एनसीसी के पीआई स्टाफ सूबेदार कोंचक नॉर्गेस एवं हवलदार मनोहर लाल ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को तिरंगे के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कॉलेज प्रशासन एवं एनसीसी अधिकारियों ने सभी कैडेट्स तथा सहयोगी स्टाफ की सराहना की।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..