गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से गाजीपुर के सांसद रहे कामरेड सरजू पांडे के मेमोरियल में कचहरी पर बने पार्क की दुर्व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल से बने इस पार्क की साफ-सफाई और सुंदरीकरण पर नगरपालिका गाजीपुर का कोई ध्यान नहीं है। कचहरी स्थित यह पार्क आवारा पशुओं का अड्डा बन गया है, पटरी के पास लगे चाय स्टालों की वजह से भी पार्क में अक्सर गन्दगी बनी रहती है। पार्क के निर्माण के समय इस पार्क में हुए विद्युतीकरण के तहत झालर और खंम्भों पर लगे लैम्प ठीक से जले भी नहीं थे कि वह आज की तारीख में जलने को तो दूर अपने स्थान पर तहस नहस हो चुके हैं ।शाम होते ही यह पार्क अंधेरे के आगोश में चला जाता है।स्वतंत्रता दिवस पर सभी पार्कों की सजावट जिला प्रशासन द्वारा की जाती है लेकिन सरजू पांडे पार्क इससे अछूता रह जाता है, जिला प्रशासन और नगरपालिका के इस रवैए से सरजू पांडे के मानने वालों में काफी आक्रोश है और एक तरह से सरजू पांडे का अपमान भी। समाजवादी पार्टी यह मांग करती है कि स्वतंत्रता दिवस के पुर्व इस पार्क में लगे झालरों और खंभों पर लगे लैम्पों को दुरुस्त किया जाये और इस पार्क में व्याप्त गंदगी को दूर किया जायें।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..