गाजीपुर। नायकडीह निवासी बाल ब्रम्हचारी बाबा अखंड दास पर जानलेवा हमले की सभी ने घोर निंदा की है। संतानुरागी लोगों ने कीनाराम आश्रम में एक बैठक कर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। बाबा अखंड दास जी के भाई व कोटेदार बृजेश सिंह ने बताया कि कुछ बदमाशों ने बाबा को दो दिनों पूर्व बर्बरता पूर्वक मारपीट कर वृंदावन में घायल कर दिया है। बाबा अखण्ड दास (75) महान संत देवरहा बाबा की शिष्य परम्परा के संत हैं जो किशोरावस्था में ही दस वर्ष की आयु में दीक्षा प्राप्त कर साधु हो गए। बाल ब्रह्मचारी अखण्ड दास जी वाराणसी स्थित द्वारिकाधीश मन्दिर असि के ट्रस्टी हैं। वृदावन में भी ट्रस्ट के मन्दिरों व अन्य संपत्तियों की देखरेख व प्रबन्धन आदि का भी कार्य इनके जिम्मे है। गुरुपूर्णिमा के बाद वाराणसी से ट्रस्ट संबंधित किसी वाद की पैरवी करने वे न्यायालय गए थे। उसी दौरान रास्ते में इन पर कुछ दुष्टों ने घातक हमला कर मरणासन्न कर दिया है। बाबा के दोनों पैर, एक हाथ और सिर में गंभीर चोट लगे है। जिनका वाराणसी में इलाज चल रहा है। कीनाराम मठ नायकडीह के अध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि अखंड बाबा की स्वीकार्यता, मान्यता, लोकप्रियता, आदर सम्मान दूर दूर तक है। बाबा सौम्य, मृदुल स्वभाव के सहज सरल व्यक्तित्व के स्वामी है। अखंड दास जी शतकाधिक सहस्त्र कुंडी यज्ञ करवा चुके हैं। इन पर हुए घातक हमले से क्षेत्रीय लोगों और अनुयायियों में आक्रोश की लहर व्याप्त है। सभी लोगों ने दोषियों पर कड़ी और त्वरित कार्रवाई कर न्याय की मांग की है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..