एम. खालिद
गाज़ीपुर। भगवान शिव की आराधना का पावन माह सावन 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। सावन के आगमन को लेकर जिले भर के शिवालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं। शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु पवित्र गंगा से जल भरकर कांवड़ यात्रा पर निकलेंगे और विभिन्न शिव मंदिरों सहित देवघर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। पूरे माह “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। सावन का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखकर शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे तथा विधि-विधान से रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। मान्यता है कि सावन में श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की उपासना करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और सभी कष्ट दूर होते हैं। जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर समितियों ने साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य तेज कर दिया है। वहीं प्रशासन भी कांवड़ यात्रा और मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियों में जुट गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही गाज़ीपुर जिले का धार्मिक वातावरण पूरी तरह शिवमय हो जाएगा। मंदिरों में सुबह से देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और शिव आराधना का क्रम चलता रहेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..