Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / धूमधाम के साथ मनाया गया साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का 46वाँ स्थापना दिवस

धूमधाम के साथ मनाया गया साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का 46वाँ स्थापना दिवस

गाजीपुर। साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का 46वाँ स्थापना दिवस मंगलवार को ट्रस्ट के सभी शिक्षण संस्थानों में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों में धार्मिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मदरसा मुहम्मद अली दीनी असरी दारुल उलूम में कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह क़ुरानख़्वानी से हुआ। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया। साबिर अली मिनी आईटीआई में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय एडवोकेट हाजी साबिर अली को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। साबिर अली नेशनल प्राइवेट आईटीआई में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 105 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसे संस्थान और क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक एकता पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। साबिर अली गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं ने आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनियां में कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय एडवोकेट हाजी साबिर अली के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विभिन्न सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर ट्रस्ट के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी संस्थानों के स्टाफ के साथ बैठक कर ट्रस्ट की शैक्षिक गुणवत्ता, आधुनिक शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं संस्थानों के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से समर्पण, अनुशासन और नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान किया। स्थापना दिवस के अवसर पर ट्रस्ट से जुड़े सभी संस्थानों में उत्सव जैसा माहौल रहा। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने संस्थापक के आदर्शों पर चलने तथा ट्रस्ट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

36 साल पुराने देवकली पंप कैनाल लूट के मामले में पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह बरी

गाजीपुर। पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह को 36 साल पुराने देवकली पंप कैनाल लूट कांड मामले …