गाजीपुर। यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गाजीपुर में उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं के लिए 12 दिवसीय डेयरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डेयरी व्यवसाय के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आय बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में डॉ. सुजीत कुमार ने दुधारू गाय एवं भैंस की उन्नत नस्लों के चयन, उनके वैज्ञानिक रख-रखाव, संतुलित आहार, उचित आवास, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूध से दही, पनीर, घी, मक्खन, छाछ सहित अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार कर ग्रामीण महिलाएं बेहतर आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को कृषि उद्यमी अजीत द्वारा एफपीओ (FPO), वर्मी कम्पोस्ट, मिलेट्स, अजोला तथा भूमि मापन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। उन्होंने बताया कि कृषि एवं पशुपालन को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में संस्था के निदेशक संजय सिंह, संकाय सदस्य मुकेश श्रीवास्तव, कार्यालय सहायिका शिवांगी मौर्य तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उद्यमी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..