गाजीपुर। शहर की लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में बृहस्पतिवार तड़के घर में घुसकर युवक पर तीन राउंड फायरिंग किए जाने से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं। क्षेत्राधिकारी नगर भास्कर कुमार ने बताया कि भांवरकोल थाना क्षेत्र के निवासी एवं वर्तमान में कोतवाली क्षेत्र की लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण उपाध्याय के घर बृहस्पतिवार तड़के करीब 3:40 बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए प्रवीण उपाध्याय पर जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी नगर भास्कर कुमार ने बताया कि प्रवीण उपाध्याय की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि नामजद आरोपी अमित राय थाना करीमुद्दीनपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और बिहार में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, छिनैती, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 26 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। सीओ सिटी के अनुसार, प्रवीण उपाध्याय के पिता की हत्या के मामले में भी अमित राय आरोपी है और वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..