गाजीपुर। भुड़कुड़ा कोतवाली पुलिस ने अपनी ही पुत्री की जहर देकर हत्या करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को पुष्पा देवी ने थाना भुड़कुड़ा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नमन नामक युवक ने उसकी पुत्री मुस्कान को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके बाद मुस्कान ने जहरीला पदार्थ खा लिया और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में पुलिस ने धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए, जिसमें मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का नहीं बल्कि हत्या का पाया गया। जांच में सामने आया कि मुस्कान को उसकी मां पुष्पा देवी ने ही जहर देकर मौत के घाट उतारा था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 103(1) एवं 123 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी महिला को बुधवार को उसके घर के पास स्थित ग्राम घटारो से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान पुष्पा पत्नी महेंद्र यादव (43 वर्ष), निवासी ग्राम घटारो, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल आशुतोष वर्मा तथा महिला कांस्टेबल मानसी सैनी शामिल थी।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..