गाजीपुर! सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत अंधऊ के पंचायत भवन में आयोजित आसन्न सूखा , प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और केसीसी कार्ड के संबंध में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने किसानों से अपील की कि इस बार कम वर्षा होने अथवा सूखा पड़ने की आशंका है। अतः धान की खेती के बजाय कम पानी चाहने वाली फसलों जैसे उर्द, मूंग ,अरहर ,ज्वार, बाजरा, मक्का इत्यादि की खेती करें । यदि किसान के पास सिंचाई का सुनिश्चित साधन है फिर भी यह कोशिश करें की कम से कम पानी में सफल खेती हो सके। इसके लिए धान की नर्सरी तैयार कर इसकी रोपाई करने की जरूरत नहीं है। धान की खेती सीधे खेतों में, पर्याप्त नमी में बीज बोकर की जा सकती है और यह बहुत सफल रही है। इससे न केवल समय और पैसा बचता है बल्कि उत्पादन भी अच्छा प्राप्त होता है। गोष्ठी को संबोधित करते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक राजदेव ने किसानों से अपील की कि वह मात्र चार फ़ीसदी ब्याज पर अपना केसीसी कार्ड बनवा सकते हैं। केसीसी कार्ड बनवाने से आपका प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा भी अपने आप हो जाएगा। यदि आप केसीसी नहीं बनवाना चाहते हैं तो भी प्रधानमंत्री फसल बीमा जरूर करवा लें क्योंकि यदि सूखा पड़ता है तो इससे आपको क्षतिपूर्ति प्राप्त हो सकती है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गाजीपुर ए के शाही ने किसान भाइयों से अपील की कि वह खेती के अलावा अपने जानवरों का भी किसान क्रेडिट कार्ड बनवाये। बकरी पालन , भेड़ पालन, मुर्गी पालन की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। गरीब व्यक्तियों और किसानों को जिनके पास अधिक कृषि भूमि नहीं है उन्होंने पांच बकरी और एक बकरा की छोटी यूनिट के बारे में विस्तार से अवगत कराया जिसमें साठ हजार रुपए में एक बकरा, छह बकरी लेने के लिए किसान को केवल छह हजार रुपए देना है, बाकी चौवन हजार सब्सिडी के रूप में सरकार देगी। छोटी यूनिट से लेकर 500 बकरियां तक की योजना तथा मिनी नंदिनी एवं अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में उन्होंने विस्तार से अवगत कराया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..