गाजीपुर। दुनिया में हर चीज़ के पैदा होने या निर्माण होने के बाद उसके समाप्त होने का दिन भी अल्लाह पहले निर्धारित कर देता है। लेकिन इंसान अपने अच्छे कर्मों और आदर्श जीवन के कारण अमर हो जाता है। ऐसे ही व्यक्तित्वों में स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान का नाम भी शामिल है। किसी शायर ने क्या खूब कहा है—
जीते जी कद्र-ए-बशर की नहीं होती प्यारे,
याद आएगी तुम्हें मेरी वफ़ा मेरे बाद।
आज 3 जून, बुधवार को जनपद गाजीपुर के मोहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम मुर्की खुर्द में स्थित शम्स मॉडल स्कूल में स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान (मुंबई) की पुण्य स्मृति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उनका निधन 29 मई 2026 को हो गया था। उनकी याद में संस्थान की ओर से फज्र नमाज़ के बाद कुरआनख़्वानी तथा मिलादुन्नबी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए ईदगाह मोहम्मदाबाद के खतीब मौलाना कयामुद्दीन नोमानी ने कहा कि स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान के पिता स्वर्गीय सिराजुल हक़ खान पूर्व अध्यक्ष इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ़ इंडिया भी एक सम्मानित और समाजसेवी व्यक्ति थे। स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान ने मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और गाज़ीपुर क्षेत्र में शिक्षा के विकास की उन्नति के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेक कार्य आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं और यही अच्छे कर्म इंसान को अमर बना देते हैं। ऐसे लोगों को दुनिया हमेशा याद रखती है। जो व्यक्ति अल्लाह से डरता है, इंसानियत से प्रेम करता है और समाज की भलाई के लिए कार्य करता है, वह लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहता है।मछली बाजार की जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल रज्जाक ने कहा कि जिस प्रकार किसी मुस्लिम बच्चे के जन्म के बाद उसके कान में अज़ान दी जाती है, उसी प्रकार हर व्यक्ति को अपने जीवन के उद्देश्य को समझते हुए अच्छे कार्यों के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। जो लोग समाज और इंसानियत की सेवा करते हैं, उन्हें जमाना कभी भुला नहीं सकता।अंत में मौलाना कयामुद्दीन नोमानी ने स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान की आत्मा की शांति और मग़फिरत के लिए विशेष दुआ कराई। कार्यक्रम में मास्टर मोहिद्दीन खान, जामा मस्जिद मुर्की खुर्द सचिव शहाबुद्दीन खान, जामा मस्जिद के इमाम मौलाना मिनहाज अख्तर, हाफिज दिलशाद अहमद, हाफिज अली असगर, मोहम्मद अली खान, नाजिम रजा, नुरुल हक खान, ज़ुबैर अहमद, अब्दुल वहाब खान, निखत परवीन, अदनान रज़ा, मेराज अहमद अंसारी, सिराज अहमद खान, अरशद खान, नसीम अहमद खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रबंधक खान अहमद जावेद ने सभी लोगों का धन्यवाद प्रस्तुत किया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..