गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुवान गांव में बृहस्पतिवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की नहर में डूबने से मौत हो गई। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते दोनों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार कनुवान गांव निवासी जगत राम उर्फ जग्गू कनौजिया के पुत्र किशन कनौजिया (14) और शिवराज कनौजिया (13) अपने छोटे भाई अनंत राज के साथ गुरैनी-बलोरी नहर पर नहाने गए थे। नहाते समय शिवराज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख बड़ा भाई किशन उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी का बहाव तेज होने के कारण किशन भी संतुलन नहीं बना सका और दोनों भाई गहरे पानी में समा गए। वहीं किनारे पर मौजूद छोटे भाई अनंत राज ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर शादियाबाद कोतवाल धर्मेंद्र पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल धर्मेंद्र पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नहाते समय डूबने का प्रतीत हो रहा है। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों की मां रीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता जगत राम, जो पेशे से राजमिस्त्री हैं, बेटे की मौत से बदहवास हो गए। गांव में एक साथ दो मासूम भाइयों की मौत से शोक का माहौल है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..