गाजीपुर। कासिमाबाद तहसील क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 315 किलोमीटर चैनल पर मंगलवार भोर करीब तीन बजे दिल्ली जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे पीली पट्टी में खड़े कंटेनर से पीछे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मरीज पार्वती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी गजानन यादव ने बताया कि बिहार के मुजफ्फरपुर से पार्वती देवी (70) को इलाज के लिए एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में मरीज समेत परिवार के कई सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे किनारे पीली पट्टी में खड़े कंटेनर से पीछे जा टकराई। कंटेनर चालक उस समय वाहन खड़ा कर नीचे उतरा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस चालक सोनू (31) पुत्र कन्हैया निवासी ग्वालियर का पैर केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे कर्मी, फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा और कटर की मदद से चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को 108 और ओरिएंटल कंपनी की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेजा गया। हादसे में चालक सोनू, सहचालक राजा कश्यप (35) निवासी घाटमपुर कानपुर नगर, रामचंद्र ठाकुर (75), प्रवीण कुमार (36), पिंकी देवी (40), कंचन कुमारी (40), अनमोल (22) और संवि (5) घायल हो गए। सभी बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के रहने वाले बताए गए हैं। घायल प्रवीण कुमार ने बताया कि उनकी मां पार्वती देवी अस्थमा से पीड़ित थीं और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर दिल्ली ले जाया जा रहा था। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चालक सोनू की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सीएचसी कासिमाबाद में तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि पार्वती देवी के सिर में गंभीर चोट और सांस लेने में दिक्कत थी। वहीं चालक सोनू के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उधर, बरेसर थाना के उपनिरीक्षक रुस्तम खान दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस और कंटेनर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटे रहे। हादसे के बाद कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु करा दिया गया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..