Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- एमएलसी हंसराज विश्‍वकर्मा

दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- एमएलसी हंसराज विश्‍वकर्मा

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया ग्राम में 15 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 16 वर्षीय नीशा विश्वकर्मा की मौत के मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। इसी क्रम में आज भारतीय जनता पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने नीशा के पिता सियाराम विश्वकर्मा और अन्य परिजनों से मिलकर पूरी घटना को विस्तार से सुना। इस दौरान माहौल भावुक रहा और परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। हंसराज विश्वकर्मा ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले में दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार में कानून का राज है और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संबंधित उच्चाधिकारियों से नियमित संपर्क में हैं, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। हंसराज विश्वकर्मा ने आगे कहा कि शासन स्तर पर भी इस मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा और पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कराई जाएगी, जिससे “दूध का दूध और पानी का पानी” हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, श्रीकांत शर्मा (चंदौली), हीरा लाल शर्मा, प्रवीण विश्वकर्मा, देवव्रत विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, विकास शर्मा, द्वारिकाधीश, विनोद सोनकर, श्यामसुंदर विश्वकर्मा, किशन शर्मा, भरत शर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डीएम, सीडीओ ने किया मेडिकल कालेज में पौधरोपण  

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून, 2026 से …