Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / नंदगंज स्टेशन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सैदपुर में शेख शाह सम्मन के उर्स को लेकर जुटने लगे श्रद्धालु

नंदगंज स्टेशन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सैदपुर में शेख शाह सम्मन के उर्स को लेकर जुटने लगे श्रद्धालु

गाजीपुर। शेख शाह सम्मन के सालाना उर्स और मेले को लेकर क्षेत्र में आस्था का माहौल चरम पर पहुंच गया है। सैदपुर में लगने वाले इस प्रसिद्ध उर्स में शामिल होने के लिए मंगलवार दोपहर बाद से ही नंदगंज रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई।ट्रेन, बस, टेम्पो और निजी साधनों से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अनुयायियों के कारण नंदगंज स्टेशन परिसर पूरी तरह गुलजार हो उठा। स्टेशन के आसपास अस्थायी दुकानों की सजावट के साथ बाजारों में भी जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली। हर तरफ मेले जैसा दृश्य नजर आ रहा है।मान्यता है कि शेख शाह सम्मन बलिया से आकर नंदगंज स्टेशन पर रुके थे और यहां रात्रि विश्राम के बाद तड़के नैसारा के पास नदी किनारे स्नान, दातून और कर्मक्रिया कर सतू ग्रहण किया था। इसके बाद वह पैदल ही विभिन्न गांवों से होते हुए भीतरी पहुंचे थे और दोपहर बाद सैदपुर पहुंच गए थे।इसी परंपरा का निर्वहन आज भी उनके अनुयायी करते हैं और उसी मार्ग का अनुसरण करते हुए उर्स में शामिल होते हैं।यह उर्स सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक भी है। इसमें बड़ी संख्या में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग शामिल होते हैं और बाबा की दरगाह पर अपनी आस्था प्रकट करते है।श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा के दरबार में मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है। मुराद पूरी होने पर लोग चादर चढ़ाते हैं, साथ ही बकरा और मुर्गा भी अर्पित करते हैं। उर्स के दौरान दूर-दराज के जिलों से हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं और दरगाह पर सिर नवाते हैं।बताया जा रहा है कि बुधवार व गुरुवार  को सैदपुर स्थित मजार पर उर्स का मुख्य आयोजन होगा, जहां चादरपोशी, दुआ और मेले का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सतर्क है।शेख शाह सम्मन का उर्स न सिर्फ आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की जीवंत मिसाल भी प्रस्तुत करता है, जिसमें हर वर्ग और धर्म के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

टीवीएस जायसवाल गाजीपुर 9 जून को बनाएगा इतिहास

गाजीपुर। जायसवाल टीवीएस के प्रोपराइटर सुमित जायसवाल ने बताया कि 9 जून को 101 टीवीएस …