गाज़ीपुर। रविवार की शाम बरहपुर नंदगंज निवासी समाजसेवी शिव प्रसाद सिंह की ओर से नंदगंज बाजार स्थित पश्चिम क्रासिंग के पास बड़ी मस्जिद में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के रोज़ेदारों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर इफ्तार में हिस्सा लिया। इफ्तार के समय मस्जिद परिसर में आपसी भाईचारा और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। रोज़ेदारों ने सामूहिक रूप से रोज़ा खोलते हुए देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। इफ्तार में खजूर, फल, शरबत और अन्य पारंपरिक व्यंजन की व्यवस्था की गई थी। समाजसेवी शिव प्रसाद सिंह ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। इफ्तार पार्टी में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। रोज़ेदारों ने आयोजन के लिए शिव प्रसाद सिंह का आभार व्यक्त किया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..