Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / होली मिलन समारोह में सजी काव्य गोष्ठी, मशहूर कवियों की रचनाओं ने अतिप्राचीन राम चबूतरा “हरिशंकरी” पर बांधा समां

होली मिलन समारोह में सजी काव्य गोष्ठी, मशहूर कवियों की रचनाओं ने अतिप्राचीन राम चबूतरा “हरिशंकरी” पर बांधा समां

गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के तत्वाधान में पारंपरिक रूप से “होली मिलन” समारोह का आयोजन दिनांक 8 मार्च दिन रविवार को सायंकाल 7 बजे से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अति प्राचीन राम चबूतरे पर राम सिंहासन पर विराजित प्रभु श्रीराम के दरबार में पूजन-अर्चन के साथ हुई, जिसके बाद देश के प्रसिद्ध कवियों ने अपनी रचनाओं से काव्य गोष्ठी को यादगार बना दिया और श्रोतागण वाह वाह कर झूम उठे। कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी “बच्चा” तथा कमेटी के अन्य सदस्यों ने बाहर से आए कवियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र पहनाकर और अबीर गुलाल लगा कर स्वागत किया। काव्य पाठ का मंच संचालन अंतरराष्ट्रीय कवि “शंकर कैमूरी” ने किया। काव्य गोष्ठी में मशहूर कवि अंबुज मिश्रा, फजीहत गहमरी, गुनगुन गुप्ता, बादशाह प्रेमी, अमरनाथ तिवारी “अमर” और अंतरराष्ट्रीय कवि पंडित भूषण त्यागी ने अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। कवियों ने प्रेम, समाज, देशभक्ति और समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं का पाठ कर खूब तालियां बटोरीं।

कवि अंबुज मिश्रा ने प्रेम की भावनाओं से भरी अपनी रचना सुनाई—

“मैंने देखा नहीं तुम दिखे भी नहीं,

मैंने खोजा नहीं तुम मिले भी नहीं,

प्यार ही चाहिए ज़िंदगी के लिए,

मैंने मांगा नहीं तुम दिए भी नहीं।”

वहीं शंकर कैमूरी ने अपनी सामाजिक संदेश से भरपूर पंक्तियों से लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया—

“वो आदमी तलाशो जो करके ये दिखा दे,

पत्थर को मोम कर दे, शीशे का दिल बना दे,

लाया हूं बंद करके मैं साफ बोतलों में,

किस जात का लहू है कोई डॉक्टर बता दे।”

इसके अलावा गुनगुन गुप्ता ने बेटियों के महत्व पर आधारित रचना सुनाई—

“बेटे हैं नेह मेघ तो बौछार बेटियां,

बेटे यदि गुलाब तो गुलनार बेटियां,

एक दूसरे से कम नहीं दोनों हैं बराबर,

बेटे सृजन के स्रोत तो आधार बेटियां।”

पंडित भूषण त्यागी ने देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां सुनाईं—

“दर्द होता रहा छटपटाते रहे,

आईने से सदा चोट खाते रहे,

वो वतन बेचकर मुस्कराते रहे,

हम वतन के लिए सर कटाते रहे।”

इस अवसर पर कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया, राम चबूतरे पर आयोजित होली मिलन के इस पारंपरिक कार्यक्रम में आरएसएस के जिला प्रचारक प्रभात जी, नगर प्रचारक विक्रम जी, शासकीय अधिवक्ता सिविल अजय पाठक, शासकीय अधिवक्ता फौजदारी कृपाशंकर राय, अशोक अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, गोपाल जी पांडे, पंडित लव त्रिवेदी, छोटे महाराज, मयंक तिवारी, जयसूर्या भट्ट, बनबिहारी सिंह, कमलेश सिंह, नाहिद खान, प्रहलाद पांडेय, राकेश तिवारी, सूर्यवीर सिंह, अजय श्रीवास्तव, अमरमणि त्रिपाठी, प्रमोद सिन्हा, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और रामलीला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी ने सभी उपस्थित अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के साथ सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

मुराही देवी लापता

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के तुरना ग्राम की निवासिनी मुराही देवी उम्र 40 वर्ष पत्नी …