गाजीपुर। जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात सड़क हादसे में अमिरहां गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद (37) की मौत हो गई। वह वैवाहिक कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि दुर्घटना सैदपुर-भीमापार मार्ग पर जैनपुर गांव के पास हुई। बताया कि तेज रफ्तार बाइक घर से करीब तीन किलोमीटर पहले अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसओ ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है। वीरेंद्र अपने परिवार में पांच बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर थे। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। कुछ वर्ष पहले उनके पिता हरिशंकर प्रसाद का निधन हो गया था। वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी रजनी, मां कौशल्या, दो बेटे विराज (7) और शिवराज (4) तथा एक वर्षीय पुत्री छोटी को छोड़ गए हैं। वीरेंद्र खेती और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम पसरा हुआ है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..