गाजीपुर। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिलिंग प्रक्रिया और डिजिटल सुविधाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के मिश्रबाजार, विशेश्वरगंज और महुवाबाग मोहल्लों में स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं के परिसरों का निरीक्षण किया गया और उन्हें प्री-पेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी जानकारियां दी गईं। अभियान के दौरान प्री-पेड स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ऊर्जावान ऐप और यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समझाया कि इन ऐप्स के माध्यम से वे अपने बिजली बिल, रिचार्ज की स्थिति और प्रतिदिन की बिजली खपत की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं को अपने खर्च पर बेहतर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। अधिशाषी अभियंता नगर गोपाल सिंह ने बताया कि गाजीपुर जिले में 90 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर पोस्ट-पेड से प्री-पेड प्रणाली में परिवर्तित किए जा चुके हैं। प्री-पेड व्यवस्था से न केवल बिलिंग में पारदर्शिता आएगी, बल्कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक बिल विवादों से भी राहत मिलेगी। विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस डोर-टू-डोर अभियान का मुख्य उद्देश्य स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ेगा और वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करेंगे।इस अभियान में सहायक अभियंता मुन्नीलाल सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। विभाग ने आगे भी ऐसे जागरूकता अभियानों को जारी रखने की बात कही है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता स्मार्ट मीटर की सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..