गाज़ीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर के 92 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट अजीत कुमार सिंह यादव का चयन आगामी गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करने हेतु किया गया है। कैडेट अजीत कुमार सिंह यादव जिला गाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। एनसीसी की यह चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन एवं प्रतिस्पर्धात्मक होती है, जिसमें शारीरिक फिटनेस, ड्रिल, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता एवं नेतृत्व क्षमता का कठोर परीक्षण किया जाता है। कैडेट अजीत ने कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट प्रशांत कुमार सिंह ने कैडेट की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह चयन अनुशासन और सतत प्रशिक्षण का परिणाम है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने कैडेट को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय एवं जनपद के लिए गर्व का विषय है। वहीं 92 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुभव राज ने कैडेट अजीत कुमार सिंह यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। इस चयन से स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाज़ीपुर, 92 यूपी बटालियन एनसीसी तथा पूरे जनपद गाज़ीपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होगा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..