गाजीपुर। गहमर कोतवाली थाना क्षेत्र में क्रिसमस की पूर्व संध्या 24/25 दिसंबर की रात हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड की पूरी तरह पुष्टि हो गई है। इस सनसनीखेज मामले में लापता चल रहे तीसरे युवक अंकित सिंह का शव भी छठवें दिन की सुबह उसी पोखरी से बरामद कर लिया गया, जहां पहले उसके साथी विक्की सिंह और सौरभ सिंह के शव मिले थे। तीनों शव मिलने के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि तीनों युवकों की हत्या कर शवों को पोखरी में फेंका गया था। पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 दिसंबर की रात उस समय हुई जब तीनों युवक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश और आपसी वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस झड़प में तीनों युवकों की हत्या कर दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले दो शव बरामद किए थे, लेकिन अंकित सिंह पिछले पांच दिनों से लापता था। उसकी मां लगातार गहमर थाने के चक्कर लगाकर बेटे की तलाश की गुहार लगा रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को लगाया। इसके बाद पोखरी का पानी जनरेटर से निकलवाकर, ड्रोन कैमरे से सघन तलाशी कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप अंकित सिंह का शव भी बरामद किया जा सका। इस मामले में पुलिस ने एक दर्जन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने मीडिया को बताया , “यह घटना आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश का परिणाम है। तिहरे हत्याकांड में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच लगातार जारी है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..