गाजीपुर। वर्चस्व को लेकर गहमर में खूनी संघर्ष में मारे गये दूसरे युवक का भी शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है अब तीसरे युवक की तलाश जारी है, जबकि पहले युवक का शव सुबह ही मिल गया था। ज्ञातव्य है कि गहमर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह, अंकित सिंह और सौरभ सिंह रात करीब 11.30 बजे एक ही बाइक से खेलूराय पट्टी गए थे। इसी दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। आरोप है कि विक्की को बेरहमी से पीटकर हत्या कर शव को बोरे में भरकर पोखरे में फेंक दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस व एसओजी ने जब एक आरोपी को उठाया तब जाकर हत्याकांड का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने पोखरे से विक्की सिंह का शव बरामद किया। कुछ देर बाद सौरभ का भी शव बरामद कर लिया गया। इधर, गोताखोरों के सहारे पुलिस अंकित सिंह की तलाश में जुटी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि बुधवार की रात्रि को खेलूराय पट्टी में दो पक्षों के बीच पूर्व के विवाद को लेकर मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष में तीन लोग थे। दूसरे पक्ष द्वारा इन तीनों के साथ मारपीट की गई, जिसमें विक्की सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य व्यक्ति जो विक्की सिंह के साथ थे, उनमें से सौरभ का भी शव मिल गया है। जबकि अंकित की तलाश की जा रही है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। घटना के सत्यता की जांच की जा रही है। इस प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बुढ़वा महादेव मंदिर के पास 27 सितंबर की शाम चार बजे वर्चस्व की लड़ाई दो गुटों में हुई थी। इस मामले में कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजीव पांडेय ने तहरीर दिया था कि वर्चस्व की लड़ाई में दो पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इस मामले में उन्होंने पट्टी भैरव राय निवासी बब्बन सिंह उर्फ सौरभ, खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह, विकास सिंह, चंदन सिंह, अभिषेक सिंह, गहमर पट्टी खेलूराय निवासी अमित सिंह, खेलू राय निवासी अमन सिंह, शैलेश सिंह, अरविंद सिंह और विनय यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। करीब तीन माह बाद यह वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..