गाज़ीपुर। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जॉन्स स्कूल, तुलसीपुर, गाज़ीपुर के प्रांगण में आज इंटर हाउस एथलेटिक्स कंपीटीशन एवं क्रिसमस उत्सव का भव्य आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आनंद के कुशल नेतृत्व में अत्यंत सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फादर दिलीप कुमार, विशिष्ट अतिथि केंद्रीय ओपियम एंड एल्कलॉइड वर्क्स, गाज़ीपुर के जनरल मैनेजर श्री दौलत कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आनंद एवं सिस्टर सुरभि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य फादर आनंद ने आगंतुक अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत ‘मधुरम-मधुरम प्रभु जन्मम्’ एवं मनोहारी नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। इसके पश्चात विभिन्न हाउसों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित मार्च-पास्ट परेड करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत जूनियर चैरिटी क्रिकेट में कक्षा 6 (द) की टीम विजेता तथा कक्षा 6 (अ) की टीम उपविजेता रही। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 12 (ब) ने प्रथम तथा कक्षा 11 (अ) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को ₹5000 एवं उपविजेता टीम को ₹3000 की नगद धनराशि, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।विद्यालय की होनहार छात्रा अंकिता यादव को नेशनल स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया में चयनित होकर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। रस्साकशी प्रतियोगिता में ज्येष्ठ बालक वर्ग में रेड हाउस एवं ज्येष्ठ बालिका वर्ग में येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सत्र 2025–26 में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आधार पर ब्लू हाउस को प्रथम, रेड हाउस को द्वितीय, ग्रीन हाउस को तृतीय एवं येलो हाउस को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने नाटक के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के जन्म का भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक मंचन कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि फादर दिलीप कुमार ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे अनुशासन, संघर्ष, धैर्य एवं टीमवर्क की भावना का विकास करते हैं। विशिष्ट अतिथि श्री दौलत कुमार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास करने वाला व्यक्ति जीवन में कभी असफल नहीं होता। वहीं प्रधानाचार्य फादर आनंद ने खेलों में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को क्रिसमस की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर फादर मुकेश, सिस्टर रोशिता सहित सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं सम्मानित अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में मिष्ठान वितरण कर बच्चों को प्रसन्नचित्त विदा किया गया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..