गाजीपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात में शनिवार को कैरियर मेला आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनकी क्षमता और रुचि के अनुसार कैरियर विकल्पों के बारे में जागरूक करना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना था। विद्यालय में बने कैरियर हब कक्ष को छात्राओं ने रंगोली से सजाया। नोडल शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में छात्राओं ने कैरियर संबंधी पोस्टर और चार्ट बनाए, जिन्हें हब कक्ष में प्रदर्शित किया गया। इस दौरान कैरियर संबंधी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और लघु नाटकों का भी आयोजन हुआ, जिनके माध्यम से छात्राओं को रंगमंच और नाटक संबंधी कैरियर की जानकारी दी गई। छात्राओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरने का अभ्यास भी कराया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमन यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में कैरियर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कैरियर हब कक्ष में प्रदर्शित छात्राओं के पोस्टर, चार्ट और रंगोली का निरीक्षण किया और उनकी कला की सराहना की। श्रीमती यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में सृजनात्मक शक्ति बढ़ती है और उन्हें रोजगार से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू प्रकाश और पूरे स्टाफ को बधाई दी। इससे पूर्व, प्रधानाचार्या मंजू प्रकाश ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मेले में कक्षा नौ से बारहवीं तक की सभी छात्राओं ने भाग लिया। शिक्षिकाओं साधना सिंह, सुनंदा, प्रतिभा मिश्रा और सोनी सरोज ने छात्राओं को पूरा सहयोग प्रदान किया। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..