गाजीपुर। जंगीपुर नगर स्थित शारदा हॉस्पिटल में मंगलवार की देर रात जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान ज्योति कश्यप (निवासी लावा थाना नोनहरा) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के चलते महिला की जान गई। मृतका के पति जुगनू कश्यप ने बताया कि रविवार की शाम पत्नी को पेट दर्द की शिकायत पर शारदा हॉस्पिटल लाया गया था डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया और बाद में ऑपरेशन की तैयारी के लिए दो यूनिट ब्लड की मांग की जुगनू उस समय दिल्ली में था सूचना पाकर मंगलवार को अस्पताल पहुचा और ब्लड की व्यवस्था निजी अस्पताल से ₹12,000 खर्च कर किया। परिजनों के अनुसार शाम लगभग 5 बजे डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की हालत बिगड़ रही है और उसे मऊ के फातिमा हॉस्पिटल ले जाने को कहा गया शारदा हॉस्पिटल की एंबुलेंस से जब महिला को वहां ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया मृतका आठ माह की गर्भवती थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 112 नंबर पुलिस और जंगीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे करीब 100 लोगों को समझाकर शांत कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पति का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने ज़बरदस्ती ब्लड की मांग कर डिलीवरी कराने का दबाव बनाया जबकि उनकी पत्नी के पहले भी दो ऑपरेशन हो चुके थे और तब ऐसी कोई समस्या नहीं हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मौत अस्पताल की गंभीर लापरवाही का नतीजा है। इस संबंध में जंगीपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक चले हंगामे के बीच हॉस्पिटल प्रबंधक वीरेंद्र यादव अंदर ही मौजूद रहे जबकि बाहर सैकड़ों लोग कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। मालूम हो कि इस हास्पिटल में पहले भी जच्चा-बच्चा की मौत पर हंगामा हो चुका है। अवैध क्लिनिक और हॉस्पिटलों पर कार्यवाही के नाम पर स्वास्थ्य विभाग कितना तैयार है यह इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 6 हॉस्पिटल जंगीपुर में संचालित हो रहा है जिसपर मोटे अक्षरों में नॉर्मल और ऑपरेशन से डिलेवरी का दावा किया जाता है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..