गाजीपुर। मोक्षदायिनी मां गंगा अब विकराल रुप में आ गयी हैं। खतरे के निशान को पार कर अब नये रिकार्ड बनाने को आतुर हैं। पिछले दो-तीन दिनों से अचानक गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। तीन अगस्त को दिन में 12 बजे गंगा का जलस्तर 64.040 मीटर तक पहुंच गया है और अभी भी यह बढ़ाव जारी है। जबकि खतरा का निशान 63.105 पर अंकित है। आपदा विशेषज्ञ अशोक कुमार राय ने बताया कि दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर का बढ़ाव जारी है। गंगा के बढ़ने से सैदपुर, करंडा, सदर, जमानियां, भदौरा, रेवतीपुर, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल ब्लाक के सैकड़ों गांव प्रभावित हैं। अधिकांश संपर्क मार्गों बाढ़ के पानी से डूब गया है। जिससे ग्रामीणों को आनेजाने में परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन बाढ़ से होने वाले परेशानियों से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। अधिकांश गांवों में आने-जाने के लिए नाव लगायी गयी हैं। राजस्व के अधिकारी कर्मचारी बाढ़ पर नजर रखे हुए हैं। विधायक मन्नू अंसारी ने बताया कि हमारे विधानसभा के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र रेवतीपुर ब्लाक के हसनपुरा, नगदिलपुर, वीऊपुर, नसीरपुर, भांवरकोल बलाक में फिरोजपुर, जगतपुर, कठार, शेरपुर, सेमरा, चौरासी-पच्चासी, धर्मपुरा, मुहम्मदाबाद में नगवा, नवापुरा, हरिबल्लमपुर आदि हैं। विधायक ने बताया कि हम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर के पीडि़तों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..