गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के सम्मानित कृषक बन्धुओं को सूचित किया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अन्तर्गत जनपद में विपणन शाखा के 41, पी०सी०एफ० शाखा के 30, पी०सी०यू० शाखा के 75, यू०पी०एस०एस० शाखा के 19, मण्डी समिति के 08 एवं भारतीय खाद्य निगम के 01, कुल 174 धान क्रय केन्द्र तथा बाजरा खरीद हेतु विपणन शाखा के 04 क्रय केन्द्र बनाये गये हैं। शासनादेशानुसार जनपद में दिनांक 01 नवम्बर, 2026 से धान खरीद कार्य प्रारम्भ किया जाना है। वर्तमान वर्ष 2026-27 में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (कॉमन) रु० 2441/- एवं (ग्रेड-ए) रु० 2461/- प्रति कुन्तल व (अतिरिक्त रु० 20/- प्रति कुन्तल उतराई, छनाई मद में) तथा बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य रु० 2900/- प्रति कुन्तल (अतिरिक्त रु० 20/- प्रति कुन्तल उतराई, छनाई मद में) निर्धारित किया गया है। खरीद होने के उपरान्त विक्रित उत्पाद का भुगतान 48 घंटे के अन्दर पी०एफ०एम०एस० के माध्यम से आपके आधार लिंक बैंक खाते में किया जायेगा। खाद्य एवं रसद विभाग तथा कृषि विभाग द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाने वाली समस्त खरीद किसान पहचान पत्र / फार्मर आई०डी० के माध्यम से की जायेगी। उक्त के परिप्रेक्ष्य में आप सभी से अपील की जाती है कि आप क्रय केन्द्र पर धान विक्रय से पूर्व केन्द्र प्रभारी को अन्य समस्त प्रपत्रों के साथ किसान पहचान-पत्र/फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें। यदि किसान पहचान-पत्र/फार्मर आईडी उपलब्ध नहीं है, तो स्वयं अपने मोबाइल अथवा साइबर कैफे के माध्यम सेhttps://upfr.agristack.gov.in/farmer-registry-up/#/ लॉगिन कर पंजीकरण करते हुये फार्मर आईडी प्राप्त करेंगे। किसान पहचान-पत्र/फार्मर आईडी को धान क्रय केन्द्र प्रभारी को उपलब्ध कराने उपरान्त सुगमतापूर्वक अपना उत्पाद विक्रय कर सकेंगे। उन्होने कृषक बन्धुओं को यह भी अवगत कराया है कि जनपद में दिनांक 01.10.2026 से बाजरा क्रय केन्द्र संचालित हो चुके हैं। बाजरा विक्रय हेतु खाद्य विभाग के ई-उपार्जन पोर्टलhttps://fcs.up.gov.in/ पर कृषक पंजीकरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। कृषक बन्धु अपनी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के लिये तत्काल अपने मोबाइल फोन अथवा जनसुविधा केन्द्र के माध्यम से पंजीकरण करा लें, ताकि समयसय सत्यापन होकर उन्हें अपने उत्पाद के विक्रय में किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। फसल की कटाई के उपरान्त उत्पाद विक्रय हेतु अपनी सुविधानुसार पंजीकरण प्रपत्रों सहित निकटतम बाजरा क्रय केन्द्र से सम्पर्क स्थापित कर अपना गुणवत्तापरक बाजरा विक्रय हेतु लेकर जाये, ताकि विक्रय में कोई असुविधा न होने पाये।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..