गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय, कस्बा जंगीपुर की कक्षा सात की छात्रा ज्योति कुमारी को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ ही महिला एवं बालिका सुरक्षा, सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रा ज्योति कुमारी ने थाने पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान थाने पर अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुना। प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक लिखित निर्देश अंकित करते हुए संबंधित पुलिस टीम को मौके पर भेजकर समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। पुलिस की जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर मिलने से छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की जानकारी मिलती है। मिशन शक्ति के तहत इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..