गाजीपुर। बापू महाविद्यालय, सादात में इंडिया स्पेस वीक के तहत ‘एयर टैक्सी एवं ड्रोन तकनीकी’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को ड्रोन तकनीक, एयर टैक्सी, एरियल मोबिलिटी तथा अंतरिक्ष एवं उन्नत तकनीकी क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम विकास से अवगत कराना था।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिवेणी सिंह और कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने किया। प्राचार्य डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में ड्रोन तकनीक के वर्तमान उपयोगों पर प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक अब केवल फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी तक सीमित नहीं है। इसका उपयोग कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा, सर्वेक्षण, यातायात, लॉजिस्टिक्स और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक रूप से हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को समझने और उन्हें रोजगार एवं नवाचार के अवसरों से जोड़ने का आग्रह किया।कार्यशाला में इंडिया स्पेस वीक के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रभांशु कुमार और अन्य विषय विशेषज्ञों ने ड्रोन की कार्यप्रणाली, इसके प्रमुख घटकों, संचालन, विभिन्न प्रकारों और उनके व्यावहारिक उपयोग तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।प्रतिभागियों को एयर टैक्सी की अवधारणा, इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (eVTOL) तकनीक और भविष्य के शहरी परिवहन के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद करते हुए ड्रोन तकनीक से संबंधित कई प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनके प्रश्नों का समाधान किया और इस क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक, प्रशिक्षण, स्टार्टअप एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के प्रति विशेष उत्साह और जिज्ञासा उत्पन्न की। अंत में, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिवेणी सिंह ने डॉ. प्रभांशु कुमार, सभी विशेषज्ञों, अतिथियों, शिक्षकगण और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि बापू महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..