गाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे-2024 /प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय निगरानी समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक मे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)-2024 हेतु ग्राम पंचायतो मे खुली बैठक के दौरान पात्रता की सूची पोर्टल पर ससयम अपलोड करने का समस्त खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिया। बैठक में योजना की प्रगति, स्वीकृत आवासों के निर्माण, भुगतान की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं आवासहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में विकास खंडवार आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, लाभार्थियों को समय से किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित भौतिक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है अथवा कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए तथा उन्हें निर्धारित समय में निर्माण पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिले। यदि किसी स्तर पर अपात्र व्यक्ति के चयन अथवा अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। बैठक में लाभार्थियों के सत्यापन, जियो टैगिंग, भुगतान की प्रगति, लंबित प्रकरणों के निस्तारण एवं अन्य तकनीकी बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विकास खंडों की प्रगति से समिति को अवगत कराया तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक मे जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक महेन्द्र प्रताप यादव, डीसी मनरेगा विजय यादव, समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित थे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..