गाजीपुर। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गाजीपुर में पुलिस लाठीचार्ज में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी जोरदार मांग उठाई। अजय राय ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री के स्वागत में सभी बड़े नेता व्यस्त रहे, लेकिन मृतक के परिवार की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। आज की भाजपा, अटल बिहारी बाजपेयी वाली भाजपा नहीं रह गई है।” उन्होंने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज के वीडियो देखकर ऐसा लगता है मानो यह अंग्रेजों के हुकूमत का दौर हो। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक का परिवार बेहद गरीब और दुखी है, लेकिन अभी तक एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि “कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग करने के लिए हम और हमारी पार्टी तैयार है।” अजय राय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “भाजपा सरकार में इंसान की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। अपने कार्यकर्ता की मौत पर भी सरकार मौन है। जब अपने ही कार्यकर्ता की सुध भाजपा नहीं ले रही, तो आम जनता के दुख-दर्द की कल्पना करना मुश्किल नहीं है।” उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए और दोषियों को कठोर सजा दे। परिजनों से मुलाकात के बाद अजय राय वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कर्मठ कार्यकर्ता जनक कुशवाहा के पैतृक गांव बरेजी, मोहम्मदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों के साथ देर तक बैठकर दुख साझा किया। इसके बाद अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ गाजीपुर होते हुए वाराणसी के लिए रवाना हुए। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील राम, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य रविकांत राय, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा प्रदेश सचिव फसाहत हुसैन बाबू वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे अजय कुमार श्रीवास्तव हामिद अली ओम प्रकाश ओझा विनोद सिंह कल्लू राजू गौतम अरविंद मिश्रा राम नगीना पांडे को शशांक उपाध्याय दिव्यांशु पांडेउषा चतुर्वेदी कुसुम तिवारी सुमन चौबे अखिलेश यादव आशुतोष गुप्ता महबूब निशा धर्मेंद्र सबीउल हसन आदि सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..