गाजीपुर। नंदगंज क्षेत्र के यूनियन बैंक के पास से बाईपास गली, बरहपुर —नंदगंज की सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सावित्री बालिका इंटर कॉलेज के उत्तर साइड में स्थित इस गली में यूनियन बैंक से लेकर नवीन जायसवाल के मकान तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें होने वाले भीषण जलजमाव के कारण स्थानीय नागरिकों, बुजुर्गों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है।इस मार्ग पर सबसे गंभीर स्थिति स्कूली बच्चों की है। सावित्री बालिका इंटर कॉलेज के ठीक पास होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्राएं इसी कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। जलजमाव और जर्जर व्यवस्था के कारण आए दिन स्कूली बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हल्की बारिश या आम दिनों में भी पानी लगे रहने से यह गली किसी तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में भीषण परेशानी झेलनी पड़ रही है।उक़्त मोहल्लेवासियों का आरोप है कि यूनियन बैंक बाईपास गली की इस बदहाली को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। मामले को लेकर मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और जिलाधिकारी गाजीपुर से पूरजोर मांग की है कि सावित्री बालिका इंटर कॉलेज के पास यूनियन बैंक से लेकर नवीन जायसवाल के मकान तक की इस सड़क का तत्काल संज्ञान लेकर मरम्मत कराया जाए।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..