गाजीपुर। एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के तहत नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं (सुपरवाइजर) का 30 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शनिवार को सादात में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 जून से 11 जुलाई तक सरोजिनी नगर स्थित उद्यमिता विकास संस्थान में आयोजित किया गया था। इस बैच में कुल 75 प्रशिक्षु मुख्य सेविकाओं ने प्रतिभाग किया, जिन्हें प्रशिक्षण के अंतिम दिन डिप्टी डायरेक्टर द्वारा ट्रेनिंग सर्टिफिकेट वितरित किए गए।संस्थान के अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश के सभी जिलों से आ रहे नवनियुक्त सुपरवाइजरों के लिए यह विशेष प्रशिक्षण अभियान पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य फील्ड में विभागीय योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए प्रवेक्षकों को तकनीकी और प्रशासनिक रूप से कुशल बनाना है। इस प्रशिक्षण सत्र में गाजीपुर जनपद से कुल 15 मुख्य सेविकाओं ने हिस्सा लिया। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद सादात ब्लॉक से शामिल हुईं मुख्य सेविका शिखा कन्नौजिया ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि 30 दिनों का यह प्रशिक्षण बेहद ज्ञानवर्धक और शानदार रहा। ट्रेनिंग के दौरान विभागीय कार्यों, नेतृत्व क्षमता और डिजिटल मॉनिटरिंग के बारे में दी गई कड़ियों से आगे फील्ड में काम करना काफी आसान हो जाएगा। समापन अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संस्थान के प्रशिक्षक मौजूद रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..